Aug 26, 2023

मछलियों को लगता था

मछलियों को लगता था
के जैसे वे तड़पती हैं पानी के लिए
पानी भी उनके लिए
वैसा ही तड़पता होगा।

लेकिन जब खींचा जाता है जाल
तो पानी मछलियों को छोड़कर
जाल के छेदों से निकल भागता है।

पानी मछलियों का देश है
लेकिन मछलियां अपने देश के बारे में
कुछ नहीं जानतीं।

--- नरेश सक्सेना

Aug 21, 2023

अन्याय छिपता है

कई बार
सुनवाई इसलिए होती है
 कि कोई यह न कह सके : 
राज्य में न्याय नहीं है 

अन्याय 
छिपता है 
न्याय की ओट में 

पंकज चतुर्वेदी
{'काजू की रोटी', 2023 से}

Aug 18, 2023

राजनीतिक शैली

यह नई राजनीतिक शैली है
कि हत्या की नहीं जाती 
वह माहौल बनाया जाता है 
जिसमें हत्या एक स्वाभाविक कर्म हो
 जो इस माहौल के जनक हैं 
 वे हत्या पर अफ़सोस करते हैं 

― पंकज चतुर्वेदी ("काजू की रोटी" कविता संग्रह)